हरेला पर्व 2026: टिहरी में 65 हजार पौधारोपण का लक्ष्य, डीएम नितिका खंडेलवाल ने दिए अभियान को सफल बनाने के निर्देश

जन एक्स्प्रेस /नई टिहरी :- हरेला पर्व 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले बृहद वृक्षारोपण अभियान को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिहरी गढ़वाल की ओर से जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में हरेला कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नर्सरियों से समय पर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा वृक्षारोपण के बाद जीपीएस टैग्ड फोटो डैशबोर्ड और पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में हरेला पर्व के तहत 65 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य के तहत विभिन्न वन प्रभागों को पौधारोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वन प्रभागवार पौधारोपण लक्ष्य
- टिहरी वन प्रभाग – 20,000 पौधे
- नरेंद्रनगर वन प्रभाग – 20,000 पौधे
- मसूरी वन प्रभाग – 10,000 पौधे
- टिहरी डैम वन प्रभाग प्रथम (नई टिहरी) – 7,000 पौधे
- टिहरी डैम वन प्रभाग द्वितीय (उत्तरकाशी) – 4,000 पौधे
- भूमि संरक्षण वन प्रभाग (उत्तरकाशी) – 4,000 पौधे
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विद्यालय इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करेंगे। इस वर्ष हरेला पर्व की थीम “हर गांव का यह पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” निर्धारित की गई है, जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर ने बताया कि वृक्षारोपण के बाद सभी स्थलों के जीपीएस टैग्ड फोटोग्राफ मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने नगर निकाय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार से अपने घर, आंगन, गमले अथवा उपलब्ध स्थान पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही हरेला अभियान को सफल बनाया जा सकता है।






