दिल्ली/एनसीआर

दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में गर्मी का सितम

नई दिल्ली । दिल्ली सहित समूचे उत्तर भारत में अगले 4 से 5 दिनों में गर्मी के साथ लू चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान में कमी या अधिकता आने की संभावना कम है। लोगों को गर्मी के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को भीषण गर्मी जारी रहेगी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों में देशभर के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव आने के आसार नहीं हैं। अगले 5 दिनों तक गुजरात में तापमान में 5 से 6 डिग्री और राजस्थान में 16 और 17 जून को 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

ओडिशा, पश्चिमी गंगा घाटों, बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिनों तक लू चलने के आसार हैं। दक्षिण उत्तर प्रदेश और विदर्भ में अगले 3 दिनों तक और मध्य प्रदेश व तेलंगाना में अगले 2 दिनों तक लू भरा मौसम रहेगा।

इसी बीच चक्रवाती तूफान ‘विपरजॉय’ अरब सागर में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। 15 जून की शाम को गुजरात और पाकिस्तान के कराची शहर के बीच में तट से टकरायेगा। इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर तक तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button