ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ को भारत रत्न देने की मांग, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
विश्व हिंदू महासंघ भारत ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा मांग पत्र

जन एक्सप्रेस जौनपुर।विश्व हिंदू महासंघ भारत के जिला अध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार, नई दिल्ली के नाम प्रेषित किया गया।ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व गोरक्ष पीठाधीश्वर गोरखपुर, ब्रह्मलीन राष्ट्रीय संत महंत अवैद्यनाथ जी का सामाजिक, धार्मिक एवं मानव सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान रहा है। सामाजिक क्षेत्र में जहां उन्होंने धर्मांतरण एवं लव जिहाद जैसे विषयों के विरुद्ध आवाज बुलंद की, वहीं जातिगत विचारधाराओं के विपरीत सामाजिक समरसता के आधार पर सनातन संस्कृति की स्थापना का कार्य किया।
धार्मिक क्षेत्र में अयोध्या में रामलला की स्थापना एवं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन में महंत अवैद्यनाथ जी की भूमिका को शब्दों में व्यक्त कर पाना अत्यंत कठिन बताया गया। इसके साथ ही उन्होंने मानव सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए, जिनमें गरीब बच्चों की शिक्षा हेतु स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों की स्थापना, असहाय रोगियों के लिए अस्पतालों की स्थापना तथा अन्य कई प्रकार की मानव एवं प्राणी सेवा शामिल हैं।विश्व हिंदू महासंघ भारत ने भारत सरकार से मांग की कि ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ महाराज जी के निस्वार्थ सेवा, सामाजिक समर्पण एवं राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाए। केशव कुमार सिंह (मंडल अध्यक्ष वाराणसी), दीपक सिंह (जिलाध्यक्ष), आलोक कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिंह, स्वतंत्र कुमार पाण्डेय, राजेश कुमार शुक्ला, बृजलाल एडवोकेट (तहसील अध्यक्ष), विशाल सिंह केराकत, सत्यम सिंह उर्फ अंकित सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, बंटी सिंह, आनंद सिंह, अध्यासिंह, राजेश शुक्ला, रेखा सिंह (जिला अध्यक्ष मातृशक्ति), राम अभय सिंह (जिला महामंत्री) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






