उत्तर प्रदेशचित्रकूट

IAS की पत्नियों ने दिखाया महिला सशक्तिकरण का मॉडल

आकांक्षा स्टोर का उद्घाटन, आंगनबाड़ी और गौशाला का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस / चित्रकूट : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में रविवार को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। प्रदेश की मुख्य सचिव की पत्नी एवं आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि सिंह के नेतृत्व में कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों की धर्मपत्नियों ने धर्मनगरी में डेरा डाला और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में भाग लिया।

आकांक्षा स्टोर का भव्य उद्घाटन
कामतानाथ परिक्रमा मार्ग में आकांक्षा समिति द्वारा संचालित “आकांक्षा स्टोर” का उद्घाटन रश्मि सिंह ने किया। यह स्टोर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री के लिए खोला गया है। इसके जरिए ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पादों का सीधा बाजार मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। स्टोर के साथ ही समूह की महिलाओं द्वारा संचालित कैंटीन भी शुरू की गई है, जो महिला उद्यमिता का जीवंत उदाहरण है।

प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण एवं पुस्तक विमोचन
इसके पश्चात रश्मि सिंह कसहाई गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं, जहां आकांक्षा समिति द्वारा महिलाओं को फर्स्ट एड (प्राथमिक उपचार) का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने इस दौरान आकांक्षा समिति की जिला अध्यक्ष डॉ. तनुषा टी.आर. द्वारा लिखित प्राथमिक चिकित्सक पुस्तक का विमोचन किया और प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।

गौशाला में ‘गौशाला दीदियों’ से संवाद
रश्मि सिंह और उनकी टीम ने कसहाई गांव स्थित गौशाला का निरीक्षण किया, जहां स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गोबर से तैयार वर्मी कम्पोस्ट खाद का उत्पादन कर रही हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस ‘लोकल खाद’ को प्रदेश स्तर पर बाजार दिलाने के लिए आकांक्षा समिति सक्रिय भूमिका निभाएगी।

तुलसीदास मंदिर में दर्शन और रामायण का वितरण
दौरे के अंतिम चरण में रश्मि सिंह राजापुर स्थित गोसाई तुलसीदास जी के मंदिर पहुंचीं और दर्शन किए। उन्होंने वहां तुलसीदास द्वारा रचित रामायण की प्रतियां श्रद्धालुओं और स्थानीय महिलाओं को वितरित कीं।

कौन-कौन रहा मौजूद:
इस अवसर पर आकांक्षा समिति की सचिव प्रतिभा सिंह, उपाध्यक्ष प्रीति चौधरी, ऊषा सिंह, साध्वी सिंह, पूजा सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, एसडीएम पूजा साहू, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

क्या है आकांक्षा समिति?
आकांक्षा समिति IAS अधिकारियों की पत्नियों का एक सक्रिय संगठन है, जो प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और प्रशिक्षण संबंधी कार्यक्रम चलाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं की भूमिका को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button