तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण रोका, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/ तिलोई(अमेठी): तहसील क्षेत्र के ग्राम पूरे महा मजरे कमई में ग्राम सभा के नाम दर्ज तालाब (गाटा संख्या 1728) पर अवैध कब्जे की कोशिश को प्रशासन ने समय रहते विफल कर दिया। ग्रामीणों द्वारा तालाब की भूमि पर मिट्टी डालकर रास्ता बनाया जा रहा था।
ग्राम प्रधान विजय कुमार ने इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी अमित सिंह को दी, जिसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर हल्का लेखपाल धैर्य श्रीवास्तव, कानूनगो और थाना मोहनगंज पुलिस पहुंची और निर्माण कार्य को रुकवा दिया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पाया कि तालाब को मिट्टी और पुआल से पाटकर रास्ता बनाया जा रहा था। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से जेसीबी मशीन के जरिए तालाब की सीमा को चिह्नित करवाया। साथ ही, बगल में नाली की खुदाई का कार्य जारी है, जिससे जल निकासी की समस्या दूर हो सके।
ग्राम प्रधान विजय कुमार ने बताया कि जल्द ही मनरेगा योजना के तहत तालाब की खुदाई का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिलता है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने ग्रामीणों को आगाह किया कि किसी भी सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।