हरदोई में सीडीओ नेहा बाड़ब्याल ने बावन ब्लॉक का किया निरीक्षण, गौशाला, आरआरसी सेंटर और ब्लॉक कार्यालय की व्यवस्थाएं परखी

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नेहा बाड़ब्याल ने विकासखंड बावन के अंतर्गत संचालित अस्थायी गौ आश्रय स्थल, पशु चिकित्सालय, कूड़ा-कचरा अपशिष्ट प्रबंधन (आरआरसी) केंद्र तथा विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौ आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं की सराहना
निरीक्षण के दौरान अस्थायी गौ आश्रय स्थल बावन की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट पाई गईं। यहां स्थापित आनंद बायोगैस प्लांट के माध्यम से सरकारी संस्थानों को विद्युत आपूर्ति की जा रही थी। इसके अलावा परिसर में संचालित आटा चक्की का भी निरीक्षण किया गया।
सीडीओ ने इस नवाचार की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

आरआरसी सेंटर में वैज्ञानिक तरीके से हो रहा कचरा प्रबंधन
सीडीओ ने आरआरसी सेंटर का निरीक्षण कर तैयार वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय और अलग-अलग श्रेणियों में कचरे के वैज्ञानिक भंडारण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र के संचालन को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पशु चिकित्सालय में बेहतर इलाज पर जोर
पशु चिकित्सालय बावन के निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बीमार एवं घायल पशुओं के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने तथा अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

ब्लॉक कार्यालय में अधूरे अभिलेख मिलने पर चेतावनी
विकासखंड कार्यालय बावन के निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जर्जर भवन को तत्काल हटाने, परिसर की नियमित साफ-सफाई, उपस्थिति पंजिका के दैनिक निरीक्षण और कार्यालयी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में स्थापना पटल के अभिलेख अधूरे मिलने पर पटल सहायक अतुल अवस्थी को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेख पूर्ण एवं अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश
सीडीओ ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों, स्वच्छता, पशु संरक्षण और कार्यालयी व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, बीडीओ डॉ. रामप्रकाश, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित सिंह सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






