उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में गैंगस्टर आरोपी की 33.96 लाख की संपत्ति कुर्क, इनोवा कार और प्लॉट प्रशासन के कब्जे में

जन एक्सप्रेस/ हरदोई:  पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरदोई पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 33.96 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर ली। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी कुलदीप अग्रवाल पुत्र सुरेश कुमार अग्रवाल, निवासी विशम्भर भवन, रेलवेगंज, थाना कोतवाली शहर, हरदोई के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से चल एवं अचल संपत्तियां खरीदी थीं।

कुर्क की गई संपत्तियों में एक टोयोटा इनोवा कार (UP 32 NX 8111) शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लखनऊ रोड स्थित करीब 1800 वर्ग फीट का प्लॉट भी कुर्क किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 13.96 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध कोतवाली शहर में धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अपराध से अर्जित संपत्ति होने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई गई।

यह कार्रवाई नायब तहसीलदार टड़ियावां देवेंद्र नाथ, लेखपाल अजय कुमार श्रीवास्तव तथा कोतवाली देहात पुलिस टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ, कांस्टेबल वैभव सिंह राजावत एवं अमन सिंह शामिल रहे।

हरदोई पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button