उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

छठ पूजा के मद्देनजर पुलिस एलर्ट : एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सहायक पुलिस अधीक्षक ( सीओ सिटी ) प्रशांत राज के साथ कोतवाली थाना इलाके में सोमवार को बेल्हा देवी धाम के घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन संध्या अर्घ्य के अवसर पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु की गई व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। एसपी ने मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि छठ पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना न रहे, इसके लिए संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर बेहतर साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ ही उन्होंने पानी के किनारों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और रस्सियों की अनिवार्य व्यवस्था करने पर जोर दिया। घाटों पर महिला पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही, संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button