
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : हसनपुर शेरपुर क्षेत्र में गुरुवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जहां घर के पास खेलते समय बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी 7 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद सैफ अली (5 वर्ष) पुत्र मूसा के रूप में हुई है, जबकि उसकी बहन माही उर्फ मायरा (7 वर्ष) की हालत नाजुक बनी हुई है। मायरा का इलाज धूलकोट स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसके पेट और फेफड़ों में काफी मात्रा में पानी भर गया है।
कोतवाली सहसपुर प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों बच्चे घर के पास बने एक चार फीट गहरे गड्ढे में खेलते हुए गिर गए। यह गड्ढा निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था और हाल की बारिश के चलते पानी से भर गया था। हादसे के वक्त बच्चों की मां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के लिए मतदान केंद्र गई हुई थीं। उन्होंने बच्चों को साथ ले जाकर, फिर घर भेज दिया था। इस दौरान ही यह हादसा हुआ।
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही परिजन बच्चों को अस्पताल ले जा चुके थे, जहां डॉक्टरों ने सैफ अली को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिलते हैं कि संभवतः पहले माही पानी में गिरी और उसे बचाने के प्रयास में सैफ भी गड्ढे में गिर गया।
परिवार की हालत बेहद गमगीन है। पिता मूसा मजदूरी का काम करते हैं और घटना के वक्त वे सेलाकुई में थे। मोहल्ले में शोक की लहर है और लोग प्रशासन से ऐसे निर्माण स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






