:जौनपुरउत्तर प्रदेश

घरेलू गैस उपयोग और सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

छात्राओं को गैस लीकेज, सिलेंडर उपयोग व सावधानियों की दी गई जानकारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को भारत गैस एजेंसी के तत्वावधान में छात्राओं को घरेलू गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग और सावधानियों को लेकर जागरुक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रशासन एवं वार्डेन एकता नीलम के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत गैस एजेंसी के प्रबंधक राजमणि दुबे ने की। इस दौरान गैस कम्पनी और एजेंसी से आए पदाधिकारी विवेक अस्थाना, रामकुमार, चंदा, प्राचीश अस्थाना ने छात्राओं को घरेलू गैस से जुड़े कई आवश्यक पहलुओं की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बताया कि गैस लीकेज की स्थिति में क्या करना चाहिए। कहा यदि गैस की गंध आयें तो मुख्य रेगुलेटर बंद कर दें। बिजली का स्विच ऑन/ऑफ न करें। दरवाजे-खिड़कियां खोलें ताकि गैस बाहर निकल सके। माचिस या लाइटर का बिल्कुल उपयोग न करें। साथ ही, गैस सिलेंडर का उपयोग कैसे सुरक्षित किया जाए, रेगुलेटर की स्थिति कैसे जांचें, पाइपलाइन की समय-समय पर जांच क्यों जरूरी है। इन सभी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को घरेलू गैस की उपयोगिता के साथ-साथ उसमें निहित संभावित खतरे भी समझाए गए ताकि वे घर में भी सावधानी बरत सकें।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका किरण मौर्य व प्रदर्शन प्रियंका सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं अल्पना सिंह, रोमा मौर्या, अंकिता शुक्ला, प्रियंका वर्मा आदि मौजूद रहीं। वार्डेन एकता नीलम ने भारत गैस से आई टीम का स्वागत किया और इस जनोपयोगी जानकारी के लिए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर आशीष राय सहित विद्यालय की कई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गैस उपयोग संबंधी प्रश्न भी पूछे। विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार की उपयोगी जानकारी छात्राओं को भविष्य में सतर्क और जागरुक नागरिक बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button