विदेश

ईरान ने तालिबान की गोलीबारी के बाद सीमा पर आवागमन रोका

तेहरान । ईरान ने अफगानिस्तान से लगती अपनी सीमा पर फिलहाल आवागमन रोक दिया है। यह फैसला अफगानिस्तान की तालिबानी हुकूमत के सुरक्षाबलों के अकारण फायरिंग करने की वजह से लिया गया है। इस बीच जल विवाद को लेकर दोनों देशों के बीच शनिवार को कई घंटे की भीषण गोलीबारी में तीन जवानों के मारे जाने का दावा किया गया है।

ईरान के उप पुलिस प्रमुख जनरल कासिम रेजाई ने कहा है कि सीमा पर फायरिंग की शुरुआत तालिबान ने अकारण की। तालिबान के सुरक्षाबलों ने ईरान के सिस्तान और बलूचेस्तान प्रांतों की सीमा पर भीषण गोलीबारी की है। इन प्रांतों से अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत की सीमा लगती है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट में इस गोलीबारी में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवानों के मरने और घायल होने की जानकारी दी है। कुछ समाचार माध्यमों में इस गोलीबारी में ईरान के सीमा सुरक्षा बल के तीन जवानों के मरने की जानकारी दी है। दूसरी ओर अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल नफी ताकोर ने ईरानी बलों पर पहले फायरिंग शुरू करने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button