utrakhandटिहरीनई टिहरी

थत्यूड़ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर आयोजित, विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने वितरित किए लाभ

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकासखंड जौनपुर के थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत बहुविभागीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और होम-स्टे योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की जानकारी दी।

सहायक समाज कल्याण अधिकारी नवीन रावत ने विभाग की पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्रता पूरी होने पर अब पति और पत्नी दोनों अलग-अलग वृद्धावस्था पेंशन के हकदार होंगे। स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने संस्थागत प्रसव कराने वाली गर्भवती महिलाओं को ₹1400 की आर्थिक सहायता और सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा की जानकारी दी।

सहायक कृषि अधिकारी सूरज देव ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी पर कृषि यंत्र उपलब्ध करा रहा है तथा रबी और खरीफ योजनाओं के तहत अब तक 650 किसानों को लाभ मिल चुका है। अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी पोषण किट वितरित की। वहीं ग्राम उत्थान (REAP) परियोजना के तहत अल्ट्रा पुअर श्रेणी की नौ महिलाओं को ₹35-35 हजार के चेक भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, एडीओ डी.पी. चमोली, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पंवार, खेमराज भट्ट, हरभजन सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button