उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: 50 हजार का इनामी गैंगस्टर शाहगंज स्टेशन से गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर  एसटीएफ वाराणसी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर मो. लड्डन उर्फ सकलैन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मो. लड्डन उर्फ सकलैन आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र से जुड़े गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी मूल रूप से अम्बारी नई बस्ती थाना फूलपुर का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता ग्राम गोधना थाना पवई बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक 29 मार्च को पवई थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने जनपद में गोकशी की घटनाओं में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ गैंगचार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन प्राप्त किया था। इसके बाद मो. लड्डन उर्फ सकलैन और आमिर निवासी कसाई टोला थाना सरायमीर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त शाहगंज क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन और 420 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button