जौनपुर: रामपुर में भीषण आग का तांडव, सिलेंडर फटने से दहला इलाका; लाखों की संपत्ति खाक

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जनपद के रामपुर स्थानीय नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 7 में बीती रात आग ने जमकर तांडव मचाया। यहाँ स्थित नन्हे दुबे के घर में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में घर के भीतर रखा लाखों का कीमती सामान जलकर राख हो गया है।
सिलेंडर धमाके से दहला मोहल्ला
घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर रखा एक गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी और धमाका हुआ, उस समय घर के अंदर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों और दमकल की मशक्कत
धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी और स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान खाक हो चुका था।
प्रशासनिक स्थिति: आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है क्योंकि घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान अब राख के ढेर में तब्दील हो चुके हैं।






