घनसाली में लैंणी–डारशील मोटर मार्ग बदहाल, हर बारिश में टूटती सड़क पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जन एक्सप्रेस /घनसाली :- टिहरी गढ़वाल के भिलंगना विकासखंड स्थित लैंणी–डारशील मोटर मार्ग की जर्जर हालत से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान सड़क गदेरे में क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क दो ग्राम पंचायतों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन लंबे समय से इसके रखरखाव और मरम्मत की ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात शुरू होते ही सड़क पर बड़े गड्ढे और धंसे हिस्से लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाते हैं। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और ग्रामीणों पर पड़ रहा है।
समाजसेवी संदीप आर्य ने सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आखिर इन दो ग्राम पंचायतों के लोग कब तक उपेक्षा का शिकार होते रहेंगे। उन्होंने बताया कि यह सड़क ‘मेरा गांव–मेरी सड़क’ योजना के तहत मनरेगा से बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में इसकी जिम्मेदारी लेने के लिए कोई विभाग आगे नहीं आ रहा है। प्रत्येक विभाग इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताकर जिम्मेदारी से बच रहा है।
संदीप आर्य ने शासन और जिला प्रशासन से सड़क की जिम्मेदारी स्पष्ट करने तथा तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने सड़क की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।






