बड़ी अकीदत व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया ईद उल अजहा का त्यौहार
गली मोहल्लों व चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

जन एक्सप्रेस/शोभित शुक्ला
बाराबंकी। जिले में ईद उल अजहा का त्यौहार बड़ी अकीदत व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस दौरान जिला अधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौकन्ना रखने के लिए लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे। जिसमें उन्होंने शहर की ज्यादातर बड़ी मस्जिदों का निरीक्षण कर लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी। बता दें कि शहर से लेकर गांव तक की ईदगाह व मस्जिदों में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई। खुतबा पढ़ा गया। और दुआ में मुल्क में अमनो-अमन, खुशहाली, तरक्की व परेशानियों से निजात मांगी गई। सबकी जुबां पर तकदीरे तशरीक बनी रही। ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक का खुशगवार मौसम त्यौहार में चार चांद लगा गया।
नमाज के बाद छोटे से बड़े एक दूसरे को आज के इस त्यौहार की मुबारकबाद दी। शहर के पीरबटावन स्थित ईदगाह व बेगम गंज स्थित जामा मस्जिद में मौलाना ने कहा कि कुर्बानी अल्लाह को बहुत प्यारी है। साफ-सफाई का ख्याल रखें। कुर्बानी का फोटो व वीडियो न बनाएं। भाईचारा क़ायम करें। एक दूसरे का ख्याल रखें। गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करें। जिसके बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम व हजरत इस्माईल अलैहिस्सलाम की अज़ीम कुर्बानी को याद कर बकरा की कुर्बानी दी।
घरों के अलावा शहर में चिह्नित स्थानों पर सामूहिक कुर्बानी हो रही है। सामूहिक कुर्बानीगाहों पर दूर-दूर से लोग आ रहे थे। मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों में मेले जैसा माहौल बना रहा। यहां महिलाएं मेहमान नवाजी के लिए लजीज व्यंजन तैयार कर लोगों को परोस रही थी। ईद-उल-अज़हा का सारा दिन खुशियों के नाम रहा। लोग एक दूसरे के घर आते जाते रहे और खुशियों का पैग़ाम बांटते रहे। अभी यह सिलसिला शुक्रवार व शनिवार तक जारी रहेगा।