कन्नौज में निर्माणाधीन बिल्डिंग का लिंटर गिरा, 40 मजदूर नीचे दबे, तीन की मौत
जन एक्सप्रेस/ कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज रेलवे स्टेशन के पास सौंदर्यीकरण के काम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का लेंटर अचानक गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए। घटना के समय 50 से अधिक मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। अब तक 11 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 40 मजदूर नीचे दबे हैं और तीन की मौत हो गई है। वहीं, घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार लेंटर गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बचाव कार्य जारी, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया। ऐंबुलेंस की मदद से घायलों को लगातार अस्पताल ले जाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कई मजदूर खाना खाने गए थे, जिससे कुछ लोग दुर्घटना से बच गए। लेकिन निर्माण स्थल पर काम कर रहे दर्जनों मजदूर मलबे में दब गए। प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है।
सीएम योगी ने दिए जांच और मदद के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को हर संभव मदद और त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। घटना की वजह से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लेंटर गिरने की घटना किसकी लापरवाही से हुई। मलबे में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास जारी है और स्थानीय लोग भी राहत कार्य में मदद कर रहे हैं।