उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

टीकेयू पब्लिक स्कूल खुटहन के वार्षिकोत्सव में नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, वक्ताओं ने बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की दी सलाह

जन एक्सप्रेस/खुटहन: खुटहन के अस्पताल रोड स्थित टीकेयू पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रीय गीत, एकांकी नाटक, कव्वाली और सामूहिक नृत्य ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विशेषकर प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों के कार्यक्रमों की दर्शकों ने खूब सराहना की।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. विजय चतुर्वेदी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि परिवार ही बच्चे की प्रथम पाठशाला है, जहां से शिक्षा और संस्कारों का विकास होता है। उन्होंने चिंता जताई कि आज के दौर में बच्चों को बहुत कम उम्र में मोबाइल थमा दिया जाता है, जो उनके सर्वांगीण विकास में बाधा बनता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की अपील की।

ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने की जरूरत

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देने की। यह जिम्मेदारी परिवार के साथ-साथ शिक्षकों की भी है।

मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्य क्षेत्र में भारत रत्न अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित शिवपूजन पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। हमारी भारतीय संस्कृति शिक्षा और संस्कार दोनों के संतुलन पर आधारित रही है।

अन्य अतिथियों ने भी किया संबोधन

समारोह को नगरपालिका चेयरमैन श्रीमती मनोरमा मौर्या, ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामचंद्र मिश्रा, विनोद तिवारी, पूर्व प्रधान साधू तिवारी, प्रबंधक सुशील मिश्र, नरसिंह बहादुर सिंह और अमरनाथ मिश्रा ने भी संबोधित किया।

अध्यक्षता प्रबंधक साकेत कुमार पाण्डेय ने की तथा संचालन पत्रकार प्रमोद पाण्डेय ने किया। विद्यालय की शिक्षिका मनीषा देवी की बच्चों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने के लिए विशेष सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधक देवेश उपाध्याय ने सभी आगंतुकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button