निजामपुर लूटकांड का खुलासा: मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, छह गिरफ्तार
शाहगंज और खुटहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हथियार, लैपटॉप और वाहन बरामद

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : शाहगंज और खुटहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने साहसिक कार्रवाई करते हुए निजामपुर ग्राहक सेवा केंद्र लूटकांड का सफल अनावरण कर लिया है। रविवार को नायरा पेट्रोल पंप (खुटहन रोड) के पास हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटा गया लैपटॉप, अवैध असलहे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
6 जून की सुबह हुई थी लूट, दुकान संचालक पर हुआ था जानलेवा हमला
घटना 6 जून 2025 की सुबह की है जब निजामपुर बाजार स्थित अरबाब टूर एंड ट्रैवल्स/ग्राहक सेवा केंद्र पर हथियारबंद बदमाशों ने संचालक सऊद पुत्र मो. तौफीक पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया और लैपटॉप लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए थे।
गोपनीय सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी, पुलिस पर फायरिंग
पुलिस को जब सूचना मिली कि लूटकांड के आरोपी खुटहन रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास देखे गए हैं तो टीम ने तुरंत घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य चार को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान और बरामदगी, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई है:
रोबिन कुमार, पुत्र राजेश कुमार, मिलौली, आजमगढ़ (घायल), राजमन कुमार उर्फ राज, पुत्र सतिराम, मीरपुर, आजमगढ़ (घायल), शिवांग सिंह, पुत्र धर्मराज, दड़वां आजमगढ़, शिवम सिंह, पुत्र अंबेश कुमार सिंह, जानकीपुरम, लखनऊ , राजन कुमार उर्फ राज, पुत्र बृजेश गौतम, हरईया, कप्तानगंज, रिंकू कुमार उर्फ प्रिंस, पुत्र स्व. लल्लन राम, हरईया, कप्तानगंज, पुलिस ने इनके पास से चार तमंचे (.315 बोर), छह खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, लूटा गया लैपटॉप और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने कहा कि जौनपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किए हुए है और जनता की सुरक्षा के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।






