मध्यप्रदेश

कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में खिला कमल

मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति दिलचस्प मोड़ लेती हुई दिखाई दे रही है। हर रोज सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस एक दूसरे पर हमलावर रहते हैं। इन सबके बीच चुनाव से कुछ महीने पहले भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कमल खिला है। भाजपा इसे शुभ संकेत बता रही है और साथ ही साथ कह रही है कि चुनाव की शुरुआत जीत से हुई है।
भाजपा के लिए शुभ संकेत!
छिंदवाड़ा में पार्टी के लिए जीत कहीं ना कहीं कार्यकर्ताओं को नया हौसला देगा तो वहीं कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका है क्योंकि छिंदवाड़ा कमलनाथ का गढ़ माना जाता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत एक शुभ संदेश है। चुनाव की शुरुआत जीत के साथ हो गई है। जीत से उत्साहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि धनबल, बाहुबल और गुंडागर्दी कांग्रेस का मूल चरित्र है। चुनाव में हार देख रहे कांग्रेस नेता आपा खो चुके हैं, इसलिए मीडिया और शासकीय कर्मचारियों को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं।

कहां हुई है जीत
मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक वार्ड में हुए उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत दर्ज की है। उप चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए। राज्य चुनाव कार्यालय द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार पार्षदों के पद के लिए कुल 13 स्थानीय निकाय उपचुनाव हुए थे, जिनमें से सात पर भाजपा ने और छह पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ माने जाने वाले छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड संख्या 42 पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button