लखनऊ: अनियंत्रित कार डिवाइडर पर चढ़ी, सो रहे चार लोगों को कुचला, दो की मौत.

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: लखनऊ में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक घटना घटी जहाँ हसनगंज चौराहे पर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। जिसने डिवाइडर पर सो रहे 4 लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के वक्त स्पीड 100 से अधिक थी। आखिरी में लोहे के पोल से टकराने पर रुकी। हादसा मंगलवार देर रात 1 बजे हसनगंज इलाके के नदवा रोड पर हुआ। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। गाड़ी के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। और सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था।
शादी-बारात में कैटरिंग का करते थे काम
घायल राजेश सोनी नेपाल के कपिलवस्तु के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया की सभी लोग इलाके के ही रहने वाले हैं। शादी-बारात में कैटरिंग और सीजन के बाद होटल पर काम किया करते थे। जिस जगह हादसा हुआ है सभी लोग वहां पर कई दिनों से सोते थे।
पुलिस बोली-ड्राइवर की पहचान की जा रही
हसनगंज इंस्पेक्टर डीके सिंह ने कहा- गाड़ी शेख उल्लाह अली के नाम पर है। वह अमीनाबाद का रहने वाला है। CCTV और गाड़ी के नंबर (UP 32 EL 4582) से ड्राइवर की पहचान की जा रही है। हादसे के वक्त आरोपी नशे में था या नहीं। इसकी भी जांच की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। मरने वालों में एक की उम्र 20 और दूसरे की 40 साल है।
टायर फटने से गाड़ी बेकाबू हुई
चश्मदीद गवाह के अनुसार, हादसे के वक्त कार की स्पीड बहुत अधिक थी। ऐसे में टायर फटने से गाड़ी बेकाबू होकर गई और सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंदते हुए निकल गई। हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोग गाड़ी के नीचे दब गए थे। हम लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया, घरवाले और ग्रामीण सब सदमे में हैं..सबकी आंखें आंसूओं में डूबी हुई है…बस यही सवाल कर रही हैं कि आखिर कब तक बेगुनाहों का खून बहता रहेगा? और जिस उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की दुहाई दी जाती है, उस प्रदेश में ऐसी घटना हो कैसे रही है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा लेकिन सवाल ये है उससे क्या किसी कि जान वापस आ सकती है।






