शहीद सैनिक लखविंदर सिंह को राज्य मंत्री संजय गंगवार ने दी श्रद्धांजलि

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। सिक्किम में भूस्खलन के दौरान शहीद हुए पीलीभीत जनपद के ग्राम धुरिया पाल निवासी सैनिक लखविंदर सिंह को गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने उनके गांव पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बलिदान को देश के लिए गौरवपूर्ण बताया।
राज्य मंत्री ने शहीद के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुःख की घड़ी में हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि लखविंदर सिंह ने देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। मंत्री गंगवार ने कहा कि सरकार और समाज, दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि शहीद परिवार को हर संभव सहारा दिया जाए।
गौरतलब है कि सैनिक लखविंदर सिंह 2 जून को सिक्किम के लाचुंग क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से शहीद हो गए थे। वह भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे और अपने कर्तव्य का पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। वह ग्राम धुरिया पाल के निवासी थे और उनके पिता गुरदेव सिंह किसानी करते हैं।
शहीद लखविंदर सिंह का परिवार पहले भी देश सेवा में बलिदान दे चुका है। उनके चचेरे भाई मनतेज सिंह भी सेना में सेवा के दौरान शहीद हो चुके हैं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद के माता-पिता, पत्नी व बच्चे भी मौजूद रहे। मंत्री ने परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात दोहराई।
शहीद के प्रति श्रद्धांजलि और उनके परिवार को सांत्वना देने के इस मौके पर ग्रामवासी भी भावुक नजर आए। पूरे गांव में शोक की लहर है, लेकिन साथ ही अपने सपूत के बलिदान पर गर्व भी महसूस किया जा रहा है।






