अपराधउत्तराखंड

पुलिस चौकी से महज 15 मीटर दूर चार दुकानों में चोरी

भगवानपुर के तेजजूपुर क्षेत्र में चोरों ने नकदी, फल और मिक्सी मशीन उड़ाई, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच पड़ताल जारी

जन एक्सप्रेस/उत्तराखण्ड : भगवानपुर क्षेत्र में बीती रात चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए तेज्जूपुर चुड़ियाला स्टेशन के पास चार दुकानों में सेंधमारी कर नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि ये चोरी पुलिस चौकी से महज 15 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

प्रोवीजन स्टोर और फल की दुकानों को बनाया निशाना
चोरों ने सबसे पहले बिल्लू प्रोवीजन स्टोर (निवासी: रुड़की) से नकदी और अन्य सामान चुराया। इसके बाद नारायण सिंह निवासी डाडली के प्रोवीजन स्टोर से 12 हजार रुपये नकद और अन्य सामग्री चुराई गई। तीसरी दुकान से फल, मिक्सी मशीन, अनार और सेब की पेटियां चोरी की गईं।

खाद भंडार में भी सेंधमारी का प्रयास
एक और प्रयास बिनारसी निवासी खाद भंडार में भी किया गया, हालांकि वहां से कुछ चुराया नहीं जा सका। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।

स्थानीय व्यापारियों में रोष
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने करीब चोरी होना दर्शाता है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button