
जन एक्सप्रेस देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के धराली गांव स्थित खीरगंगा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बारिश के बाद अचानक उफनते जलसैलाब ने गांव और बाज़ार क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण आपदा में कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जबकि कुछ लोग खीरगंगा के दूसरी ओर होटल और घरों में फंसे हुए बताए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाढ़ का पानी जैसे ही गांव की ओर बढ़ा, लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। कई होटलों में पानी और मलबा घुस गया है, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। धराली बाज़ार क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई दुकानों को क्षति पहुंची है।
रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से जारी है। सेना की हर्षिल यूनिट, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर रवाना हो चुकी हैं। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी सतर्कता से काम कर रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है।






