जौनपुर में मेगा विधिक सहायता शिविर को लेकर न्यायिक अधिकारियों की बैठक
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में ADR भवन में हुई बैठक

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर के तत्वावधान में प्रस्तावित राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2.0 एवं मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक 04 फरवरी 2026 को सिविल जज/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर सुशील कुमार सिंह की देख-रेख में ए0डी0आर0 भवन, दीवानी न्यायालय परिसर, जौनपुर में संपन्न हुई।बैठक में जनपद न्यायालय के सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन) संवर्ग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के उद्देश्यों, वादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण तथा आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सिविल जज/सचिव पूर्णकालिक सुशील कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कर आम नागरिकों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान न्यायिक प्रक्रिया को सरल, सुलभ और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






