
जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं का आक्रोश आज सड़कों पर दिखाई दिया। अपनी लंबित शैक्षिक एवं संरचनात्मक मांगों को लेकर छात्रों ने नगर में विशाल रैली निकाली। हाथों में बैनर लिए और नारेबाज़ी करते हुए यह हुजूम मुख्य बाज़ार से होता हुआ कलेक्ट्रेट परिसर पहुँचा, जहाँ छात्रों ने उपजिलाधिकारी डूंडा के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा।रैली के दौरान “हमारा हक हमें दो”, “छात्र एकता जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। जुलूस के समय स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में एकत्र हुए और आंदोलन का गवाह बने।
छात्रों की प्रमुख माँगें
महाविद्यालय में एम.ए. संगीत एवं विधि संकाय की स्थापना।,जर्जर भवन का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार।परीक्षा परिणामों में आ रही तकनीकी त्रुटियों का समाधान।महाविद्यालय को शीघ्र विश्वविद्यालय का कैंपस (Campus) घोषित किया जाये।इस अवसर पर पूर्व छात्र नेता और वर्तमान छात्र नेता एक मंच पर एकजुट दिखे। छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि माँगों पर शीघ्र ठोस कार्यवाही नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
आंदोलन और आमरण अनशन जारी
आज की रैली में छात्र नेताओं में विनय मोहन चौहान, रोहित नेगी, शुभम चमोली,रोहित सिंह,अमित शाह,मनीष,भगवान सिंह, एवं पूर्व छात्र नेता अमरीकन पुरी, पृथ्वीपाल माटूडा रासुधीश पंवार, आकाश भट्ट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।इस बीच छात्रों का आमरण अनशन छठे दिन भी जारी रहा। छात्र नेता आयुष बिष्ट अनशन पर डटे हुए हैं। वहीं, देर रात एक अन्य छात्र नेता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।छात्रों ने दोहराया कि जब तक उनकी माँगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन और आमरण अनशन जारी रहेगा।






