मध्यप्रदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ग्वालियर में, ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

ग्वालियर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज गुरुवार को संगीत, कला एवं शिक्षा की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में आगमन होगा। ग्वालियर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंर्फोमेशन टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट (ट्रिपल आईटीएम) के चौथे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। साथ ही वे महाराजा सर जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस देखने के लिए भी जाएंगी।

ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, ट्रिपल आईटीएम के बोर्ड ऑफ गवनर्स के चेयरपर्सन दीपक घैसास एवं ट्रिपल आईटीएम के निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह मंचासीन रहेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज प्रात: 11.35 बजे वायु मार्ग द्वारा एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा पहुंचेंगी। वे यहां से महाराजा सर जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस जाएंगीं। जयविलास पैलेस में राष्ट्रपति मुर्मू महाराजा जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद म्यूजियम की लाइनेज गैलरी, मराठा गैलरी, इंडस्ट्रीयल गैलरी व प्रदर्शनी सहित दरबार हॉल इत्यादि का अवलोकन करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपरान्ह 2.40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड पर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) पहुंचेंगी। वे यहां स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगी। इसके बाद वे ट्रिपल आईटीएम के बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगी।

इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद सायंकाल 4.40 बजे ट्रिपल आईटीएम से एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा के लिये रवाना होंगी और सायंकाल लगभग 05 बजे एयरफोर्स स्टेशन से विमान द्वारा जयपुर के लिये प्रस्थान करेंगी।

परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमेन काकोडकर मानद उपाधि से होंगे विभूषित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमेन पद्मविभूषण डॉ. अनिल काकोडकर को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि से विभूषित करेंगी।

सात विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल एवं 283 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में सात विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। साथ ही 283 विद्यार्थियों को बीटेक, एमटेक एवं मैनेजमेंट की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

राष्ट्रपति के स्वागत के लिये मंत्री सिलावट मिनिस्टर इन वेटिंग

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी के लिये राज्य शासन द्वारा जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को मिनिस्टर इन वेटिंग नामांकित किया गया है। मंत्री सिलावट गुरुवार को ग्वालियर प्रवास पर के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी करेंगे। साथ ही उनके साथ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button