पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार सिंह को राष्ट्रपति पदक, चित्रकूट का नाम रोशन

जन एक्सप्रेस/ चित्रकूट: जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार सिंह को उनके उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया है। यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि है, और पुलिस विभाग में इस सम्मान पर खुशी का माहौल है। पुलिस अधीक्षक को इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण पुरस्कार मिल चुके हैं, जैसे कि 2015 में डीजीपी का स्वर्ण पदक और बरेली में तैनाती के दौरान राष्ट्रपति के हाथों पुलिस वीरता पदक।
30 साल की सेवा में डॉ. अरुण कुमार सिंह ने दिखाया नेतृत्व
डॉ. अरुण कुमार सिंह की 30 साल की लंबी सेवा में उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। उन्होंने अलीगढ़, इलाहाबाद, लखनऊ समेत कई जिलों में काम किया और जनता की सेवा में उत्कृष्ट कार्य किया। 6 जनवरी 2024 को चित्रकूट में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद, उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण के मामले में प्रभावी कदम उठाए। उनके नेतृत्व में पुलिस ने कई अपराधों का खुलासा किया और पीड़ितों को न्याय दिलाया।
स्थानीय जनता और समाजसेवियों ने दी बधाई
पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार सिंह की इस उपलब्धि पर आम जनमानस में खुशी का माहौल है। समाजसेवी शंकर यादव, बीपी पटेल, जानकी प्रसाद सिंह समेत कई मीडिया बंधुओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी। शंकर यादव ने कहा, “यह उपलब्धि चित्रकूट धाम और पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है।” पुलिस अधीक्षक ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से जिले का नाम रोशन किया है और इस सम्मान के लिए उन्होंने भगवान कामतानाथ का आभार व्यक्त किया है।