
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने प्रताप इंटर कॉलेज, बालिका राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए तथा आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और ईमानदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने बौराड़ी स्थित जिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में परीक्षार्थियों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता सहित संबंधित परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





