थार गाड़ी से टक्कर मामले में नया मोड़, पति पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का आरोप

जन एक्सप्रेस, गाजियाबाद: गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहियानगर में 18 सितंबर, 2025 को हुई एक सड़क दुर्घटना ने अब सनसनीखेज रूप ले लिया है। इस घटना में तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पैदल जा रही महिला टीचर पारुल गुप्ता को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसके परिणामस्वरूप उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शुरुआत में यह मामला एक सामान्य सड़क हादसे के रूप में सामने आया था । अब पीड़िता के भाई के गंभीर आरोपों ने इस घटना को नया मोड़ दे दिया है। पीड़िता के भाई ने सिहानी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पारुल के पति सचिन गुप्ता और उनके ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और जानबूझकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार पारुल का अपने पति और ससुराल वालों के साथ लंबे समय से दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। भाई का दावा है कि यह टक्कर कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित ढंग से पारुल को निशाना बनाने की साजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिन और उनके परिवार ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पारुल को लगातार प्रताड़ित किया और इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए सचिन गुप्ता और उनके परिवार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता कानून के संबद्ध धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सिहानी गेट थाने के प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और थार गाड़ी के ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गाड़ी सचिन या उनके किसी करीबी द्वारा चलाई जा रही थी या नहीं। इसके अतिरिक्त, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
जिंदगी ओ4 मौत से जूझ रही घायल पीड़िता पारुल गुप्ता पेशे से टीचर हैं । वर्तमान में वह गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक इलाज की आवश्यकता होगी। इस बीच, पारुल के परिवार ने न्याय की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।






