गंभीर एनीमिया ग्रसित गर्भवतियों के उपचार में एफसीएम इंजेक्शन की एक डोज पर्याप्त

जन एक्सप्रेस/हरदोई: जनपद में गर्भवती महिलाओं में बढ़ते एनीमिया (खून की कमी) के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल की है। अब सण्डीला, हरपालपुर, पिहानी और बिलग्राम की प्रथम संदर्भन इकाइयों (FRU) में Ferric Carboxy Maltose (FCM) इंजेक्शन की सुविधा शुरू कर दी गई है।
इस इंजेक्शन को भर्ती कर ड्रिप के माध्यम से दिया जाता है और यह पूरी तरह सुरक्षित माना जा रहा है। अब तक इसके कोई दुष्प्रभाव सामने नहीं आए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को समय पर और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है।
सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडे के अनुसार, इस पहल की शुरुआत सण्डीला FRU से हुई थी, जहां 4 जून 2026 तक 13 गर्भवती महिलाओं को यह इंजेक्शन दिया जा चुका है। वहीं पिहानी में 18, हरपालपुर में 4 महिलाओं को इसका लाभ मिल चुका है, जबकि बिलग्राम में भी सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि एनीमिया मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए जोखिम भरा होता है। पहले आयरन सुक्रोज की 5 डोज देनी पड़ती थी, लेकिन अब FCM इंजेक्शन की एक ही डोज से उपचार संभव हो गया है। इससे न केवल तेजी से आयरन की कमी पूरी होती है, बल्कि बार-बार अस्पताल आने की जरूरत भी कम हो जाती है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशिक्षित चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की निगरानी में यह सुविधा दी जा रही है। साथ ही उपचार प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।
डॉ. पांडे ने बताया कि जल्द ही यह सुविधा जिले के सभी FRU और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।




