उत्तर प्रदेश

विपक्षी गठबंधन के पास पीएम के चेहरे की कमी नहीं : शिवपाल

बलिया । सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि ऐसा नहीं है कि हमारे गठबंधन ‘आईएनडीआईए’ के पास प्रधानमंत्री पद के लिए चेहरा नहीं है। इस गठबंधन के सभी दलों के पास एक से बढ़ कर एक नेता हैं। देश के लिए इन सभी नेताओं को योगदान दिया है। प्रधानमंत्री का चेहरा गठबंधन ही तय करेगा।

शिवपाल यादव ने बुधवार को फेफना में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2024 में हम इंडिया गठबंधन से लड़ेंगे। पूर्वांचल से लड़ाई का आगाज कर दिया गया है। हम सभी जिलों में ठहर कर कार्यकर्ताओं के संगठन को मजबूत कर रहे हैं। कम से कम 50 सीटे जीतेंगे। सपा चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है। संगठन को मजबूत करने में लगे हैं।

यादव ने कहा कि एनडीए को हम बसपा के साथ मिलकर नहीं रोक पाए थे। कुछ चूक हुई थी, हालांकि संगठन मजबूत हुआ। मायावती भाजपा के साथ हैं। बोले, जयन्त चौधरी सहित अन्य लोगों के खिलाफ भाजपा झूठा प्रचार कर रही है। बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे विधायक अब्बास अंसारी को लेकर कहा कि अभी वे सुभसपा के विधायक हैं। समाजवादी पार्टी का दरवाजा खुला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करेंगे।

भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि उप्र में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। बिजली की समस्या से लोग बेहाल हैं। शहरों में गंदगी का अंबार है। भाजपा के नौ साल बेमिसाल नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि हम अपने काम गिनाने लग जाएं तो घण्टों लग जाएंगे। भाजपा सभी मोर्चों पर फेल है। ये लोग झूठे नारे अच्छी तरह से देते हैं। सवाल किया कि भाजपा के लोग नौ वर्ष में एक काम बेहतर बता दें। जनता से चूक होने के कारण आज तमाम समस्याएं हो रही हैं। भजपा ने जो किया वह हम नहीं कर सकते। ये लोग तमाम संस्थाएं बेच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button