
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में महिलाओं ने लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज कराई है। गुरुवार को सम्पन्न हुए प्रथम चरण में कुल 68 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 73 प्रतिशत महिलाएं और 63 प्रतिशत पुरुष मतदाता शामिल रहे। महिलाओं की रिकॉर्डतोड़ भागीदारी ने राज्य निर्वाचन आयोग को भी उत्साहित कर दिया है और अब सभी की निगाहें दूसरे चरण पर टिकी हैं।
दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। इसके लिए चुनाव प्रचार का शोर शनिवार शाम 5 बजे थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर प्रचार ही कर सकेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि दूसरे चरण में कुल 14,751 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें:
- ग्राम पंचायत सदस्य – 1,988 प्रत्याशी
- ग्राम प्रधान – 7,833 प्रत्याशी
- क्षेत्र पंचायत सदस्य – 4,214 प्रत्याशी
- जिला पंचायत सदस्य – 871 प्रत्याशी शामिल हैं।
इन 10 जिलों के विकासखंडों में होगा दूसरे चरण का मतदान:
1. अल्मोड़ा – सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट
2. ऊधमसिंह नगर – रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर
3. चंपावत – चंपावत, बाराकोट
4. पिथौरागढ़ – विण, मूनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट
5. नैनीताल – हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग
6. उत्तरकाशी – डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी
7. चमोली – पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण
8. टिहरी – कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, चंबा
9. देहरादून – डोईवाला, रायपुर, सहसपुर
10. पौड़ी – यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट, कल्जीखाल
पहले चरण में बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों के सभी विकासखंडों में मतदान हो चुका है। इसलिए दूसरे चरण में 12 के स्थान पर केवल 10 जिलों में ही वोटिंग होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार से पोलिंग पार्टियों की तैनाती शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या दूसरा चरण पहले से अधिक मतदान प्रतिशत का रिकॉर्ड बनाएगा।






