कुत्तों के हमले में घायल हुआ राष्ट्रीय पक्षी मोर, वन विभाग को सौंपा गया
खेतों में घूम रहे मोर पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान

जन एक्सप्रेस/सादाबाद: क्षेत्र के गांव गढ़ी ख्याली में बुधवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में घूम रहे राष्ट्रीय पक्षी मोर पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में मोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और घायल मोर को सुरक्षित गांव में ले आए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से उसका उपचार करने की कोशिश की और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल राष्ट्रीय पक्षी को अपने कब्जे में ले लिया। वन कर्मियों ने बताया कि मोर का प्राथमिक उपचार कराया गया है और फिलहाल उसे विभाग की निगरानी में रखा गया है। वन विभाग के अनुसार, मोर की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। स्वस्थ होने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा। ग्रामीणों ने भी वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।






