राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला 28 अप्रैल से 7 मई तक
जयपुर । दस दिवसीय राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2023 का आयोजन 28 अप्रैल से 7 मई तक जवाहर कला केन्द्र के दक्षिण परिसर में किया जाएगा। इसकी आवश्यक तैयारिया शुरू कर दी गई हैं। रजिस्ट्रार सहकारिता मेघराज सिंह रतनू ने बताया कि सहकारिता क्षेत्र में राजस्थान देश का एकमात्र ऐसा प्रदेश है, जो कई वर्षों से सहकार मसाला मेले का आयोजन करते हुए जयपुरवासियों को शुद्ध मसाले उपलब्ध कराने की पहल करता आ रहा है।
रतनू सहकार भवन में राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2023 को लेकर आयोजित बैठक में अतिरिक्त खंडीय रजिस्ट्रारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जयपुर में आयोजित होने वाले सहकार मसाला मेले का जयपुरवासियों को इंतजार रहता है। इस मेले की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन चुकी है। उन्होंने खंडीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने संभाग के गुणवत्तायुक्त मसाले लेकर संस्थाओं को भिजवाएं।
उपभोक्ता संघ के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि सहकारी मेले में सहकारी संस्थाओं को आकर्षक पैकिंग, मसालों की शुद्धता, प्रतिस्पर्धात्मक मूल्य और सहकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए है। सहकार मसाला मेले में साबुत और पीसे हुए मसालों के साथ ही मौके पर ही मसाला पीसकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी होगी।
शर्मा ने जयपुरवासियों की सुविधा के लिए सहकार मसाला मेले को बहुपयोगी बताते हुए कहा कि उच्च गुणवत्ता के सहकारी उत्पादों एवं मसालों के प्रदर्शन एवं बिक्री के साथ ही मेले को आकर्षक बनाया जाएगा। सहकार मसाला मेले का समय पूर्वाह्न 11 से रात्रि 9 बजे तक रहेगा एवं प्रवेश निःशुल्क रहेगा। सहकार मसाला मेले के आयोजन से उत्पादक किसानों और आम नागरिक दोनों को ही लाभान्वित किया जा सकेगा।






