सनबीम जौनपुर बनी जौनपुर प्रीमियर लीग की विजेता, फाइनल में एसएससी को 9 विकेट से रौंदा

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: मोहम्मद हसन कॉलेज ग्राउंड, जौनपुर में आयोजित जौनपुर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एकतरफा रहा। एएम सनबीम जौनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएससी टीम को नौ विकेट से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ सनबीम जौनपुर को दो लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसएससी की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और मात्र 28 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। सनबीम जौनपुर की ओर से शुभम ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि नमन ने दो विकेट हासिल किए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनबीम जौनपुर ने नमन की नाबाद 17 रनों की पारी के दम पर महज पांच ओवर में 29 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उपविजेता एसएससी टीम को शीशे की आकर्षक ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की नकद राशि दी गई।
फाइनल में शानदार गेंदबाजी के लिए शुभम को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बॉलर चुना गया, जबकि बेस्ट बैटर का पुरस्कार दीपक को मिला। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नमन सिंह आदर्श को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
मैच रेफरी व थर्ड अंपायर की भूमिका शौजब हुसैन ने निभाई। मैदानी अंपायर रवि मिश्रा (देवरिया) और अखिलेश शर्मा (बलिया) रहे। कमेंट्री तालिब सिद्दीकी और सलमान शेख ने की। टूर्नामेंट के आयोजक अबुजर खान, हैप्पी साबिर, अजमल और जुल्फिकार अली रहे।
पांच दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में हर मैच का लाइव प्रसारण हुआ, डीआरएस और थर्ड अंपायर की व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रही। समापन अवसर पर चीफ गेस्ट विमलेश जी, लक्ष्य गुप्ता व जिलाधिकारी दिनेश चंद सिंह मौजूद रहे। अंत में मुख्य आयोजक अबुजर खान ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों व दर्शकों का आभार जताया।






