अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, कॉलोनाइजरों में हड़कंप

जन एक्सप्रेस/हाथरस।एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चेतावनी बोर्ड लगवाए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।एसडीएम सदर ने अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र के साथ मिलकर लहरा, हतीसा और खोड़ा हजारी क्षेत्रों में स्थित अवैध कॉलोनियों में चेतावनी बोर्ड लगवाए। बोर्ड के माध्यम से सर्वसाधारण को स्पष्ट रूप से सूचित किया गया है कि उक्त कॉलोनियों में किसी भी प्रकार का निर्माण अथवा विकास कार्य अवैध है।
निर्माण करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध कॉलोनी में निर्माण कार्य किया जाता है तो संबंधित निर्माणकर्ता के विरुद्ध तत्काल विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं निर्माणकर्ता की होगी।
पहले भी हो चुकी है ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि लहरा, हतीसा और खोड़ा हजारी क्षेत्र विनियमित क्षेत्र की सीमा में आते हैं, जहां पूर्व में भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा






