उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

दहेज हत्या मामले में पति जेठ ससुर व सास को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उसरा भादी गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति सहित चार ससुरालीजनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार उसरा भादी गांव निवासी रामचंद्र प्रजापति के पुत्र संजीव कुमार की शादी लगभग दस माह पूर्व मोहद्दीसराय गांव निवासी बद्री प्रसाद की पुत्री पूनम उर्फ मनीता से हुई थी।

बताया जाता है कि 19 फरवरी गुरुवार की रात पूनम ने अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खुलते देखा तो दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। आनन-फानन में पूनम को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति संजीव कुमार, जेठ उमेश कुमार, ससुर रामचंद्र प्रजापति और सास सुनीता देवी के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस की कार्रवाई

शाहगंज कोतवाली निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ रविवार को चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button