आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: दो शातिर बदमाश घायल होकर गिरफ्तार, लूटी गई चैन और हथियार बरामद
आजमगढ़ के कन्धरापुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल होकर गिरफ्तार किए गए

जन एक्सप्रेस /जनपद आजमगढ़
आजमगढ़ जनपद के कन्धरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात हुई मुठभेड़ में अन्तरजपदीय स्तर पर सक्रिय दो शातिर अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटी गई सोने की चैन भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में थाना कन्धरापुर पुलिस टीम ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया।
दरअसल, 26 मार्च 2026 को एक महिला ने थाना कन्धरापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि भंवरनाथ मंदिर से लौटते समय बिजौरा कॉलोनी के पास अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन झपट ली। इस घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और लगातार दबिश दी जा रही थी।
जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात में शामिल अपराधी केवल स्थानीय नहीं, बल्कि अन्तरजपदीय गिरोह के सदस्य हैं, जो आजमगढ़, गाजीपुर और आसपास के जिलों में लूट, चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
30 मार्च 2026 की रात थाना कन्धरापुर के प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार अपनी टीम के साथ संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ शातिर अपराधी मोटरसाइकिल से किशुनदासपुर से कम्हेनपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चन्द्रमा ऋषि आश्रम के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी बाइक फिसलकर गड्ढे में गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन जब फायरिंग जारी रही तो आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम साहनी उर्फ अनुराग और राज निषाद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने फरार साथी छोटू सिंह के साथ मिलकर 26 मार्च को महिला से सोने की चैन छीनी थी। साथ ही वे आगे भी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), चार कारतूस (दो मिस और दो खोखा), एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और लूटी गई सोने की चैन बरामद की है।
घायल बदमाशों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।






