हरदोई के सवायजपुर क्षेत्र में हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा,बाइक व मोबाइल तथा नगदी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई: जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस व्यक्ति के साथ लूट हुई, उसका करीबी साथी ही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नगदी, बाइक और मोबाइल बरामद कर लिया है।
क्या थी घटना?
बीती 3 अप्रैल को हरपालपुर थाना क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी राजवीर अपने साथी सुंदरम और सोमपाल के साथ बाइक से शाहाबाद जा रहे थे। राजवीर को पैसों की जरूरत थी, इसलिए वह घर के जेवर गिरवी रखने जा रहा था। जैसे ही वे गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन के पास पहुंचे, अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और जेवर व नगदी लूटकर फरार हो गए।
दोस्ती की आड़ में रची गई ‘लूट की पटकथा’
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट और सर्विलांस टीम ने जब मामले की गहराई से जांच की, तो शक की सुई राजवीर के साथी सुंदरम पर जाकर टिकी। कड़ाई से पूछताछ में सुंदरम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सुंदरम पिकअप डाला चलाता था और राजवीर से उसकी पुरानी जान-पहचान थी। जब उसे पता चला कि राजवीर जेवर गिरवी रखकर बड़ी रकम लाने वाला है, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बना ली।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने घेराबंदी कर निम्नलिखित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है:
-
सुंदरम (मास्टरमाइंड): निवासी श्यामपुर पंजा, थाना हरपालपुर।
-
सत्यम: निवासी हैदरपुर, थाना शाहाबाद।
-
पंकज: निवासी ग्राम श्यामपुर पंजा, थाना हरपालपुर।
पुलिस की बरामदगी
पुलिस टीम ने अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ₹2500 की नगदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। सवायजपुर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।






