
जन एक्सप्रेस/हल्द्वानी(उत्तराखण्ड) : हल्द्वानी के चोरगलिया क्षेत्र में इंसानियत, साहस और फर्ज की मिसाल देखने को मिली। उफनते शेरनाले में पलटी एक कार में फंसे 10 यात्रियों को हल्द्वानी पुलिस की टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर सकुशल बाहर निकाला। रात 12:30 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन करीब डेढ़ घंटे तक चला और इस दौरान पुलिसकर्मियों ने तेज बहाव, अंधेरे और मुश्किल हालातों से जूझते हुए एक-एक कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
कार में फंसे थे 10 श्रद्धालु
पीलीभीत के रहने वाले अमन कश्यप, राहुल कश्यप, टीटू दिवाकर, मनीष लोधी, रमेश चंद्र, चंद्रसेन, अंकित कटियार, करन लोधी, रोहित कश्यप और अभिमन्यु रविवार को बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। रात के समय शेरनाला पार करते हुए उनकी कार अचानक तेज बहाव में फंसकर पलट गई।
चिल्लाते रहे यात्री, मदद को दौड़ी पुलिस
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल चोरगलिया पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष राजेश जोशी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल भरत भूषण, अकुंश चन्याल, मोहम्मद नाजिर, वाहन चालक दिनेश लाल और होमगार्ड दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। रस्सियों के सहारे खतरे को चुनौती देते हुए पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
‘रियल हीरो’ बोले बचे यात्री
रेस्क्यू किए गए यात्रियों ने पुलिस को ‘रियल हीरो’ बताया। अमन कश्यप और राहुल कश्यप ने कहा कि उन्हें लगा था कि अब बचना नामुमकिन है, लेकिन पुलिस ने जिस जुझारूपन से उन्हें बाहर निकाला, वो जीवनभर नहीं भूल सकते।
पुलिस ने की सतर्कता की अपील
एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बरसात के मौसम में नदी-नालों से दूर रहने और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर समय मदद के लिए तत्पर है, लेकिन सावधानी सबसे बड़ी सुरक्षा है।






