तय समय से पहले होगा लोकसभा चुनाव : प्रशांत किशोर

पटना । जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को यहां जनता से संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि तय समय से पहले लोकसभा चुनाव चुनाव हो सकते हैं।
उन्होंने नीतीश पर प्रहार करते हुए कहा कि अगर लोगों को राजनीति की थोड़ी-बहुत समझ है तो जो कानून देश में बनता है वो लोकसभा और राज्यसभा में पास होता है। आज कोई नीतीश कुमार से पूछ नहीं रहा है कि राज्यसभा का उप सभापति कौन है? हरिवंश हैं और वे नीतीश कुमार की पार्टी के हैं। अगर नीतीश कुमार ने एनडीए छोड़ दिया है तो इस पद को छोड़ क्यों नहीं रहे हैं।
नीतीश कुमार की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा 2015 में बिहार के लोगों ने इनको वोट किया था। 2017 में ये आदमी लोगों को ठग कर भाग गये। आप बिहार के लोग फिर वोट कीजिएगा, फिर ये आदमी आपको ठग कर भागेगा, लिखकर रख लीजिए। मैं उनके साथ रहा हूं। मुझे उनसे ज्यादा कोई नहीं जानता।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जब सीएए और एनआरसी आया था और लोगों पर तलवार लटकी थी तो किसने अपना गर्दन बंगाल में जाकर फंसाया? कौन वीर बिहार का बंगाल में लड़ने गया था? लालू यादव गए थे कि तेजस्वी यादव गए थे कि नीतीश कुमार गए थे? कोई नहीं गया था। हम गए थे अपना कंधा लगाने। अपनी गर्दन फंसाई थी। आज भाजपा बंगाल में जीत गई होती तो आप लोग अभी लाइन में खड़े होकर फॉर्म भर रहे होते। हमने भाजपा को हराया है। अगर बैलून में हवा हमने भरा है तो निकालेंगे भी हम ही आप लिखकर रख लीजिए।






