प्रयागराज महाकुंभ: भीड़ में बिछड़े साढ़े 4 हजार लोग, डिजिटल खोया-पाया केंद्र बना सहारा

जन एक्सप्रेस/ प्रयागराज: महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सड़क से लेकर घाट तक हर ओर आस्था का जनसैलाब नजर आ रहा है। भीड़ का आलम यह है कि महज 500 मीटर की दूरी तय करने में श्रद्धालुओं को एक घंटे से अधिक समय लग रहा है। अमृत स्नान के शुभ मुहूर्त के दौरान सुबह 9 बजे तक 5 घंटे में करीब 4500 लोग अपनों से बिछड़ गए।
डिजिटल खोया-पाया केंद्र बना सहारा
बिछड़े हुए लोगों को उनके परिवार से मिलाने के लिए डिजिटल खोया-पाया केंद्र अहम भूमिका निभा रहा है। इन केंद्रों पर लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को मिलाया जा रहा है। अब तक हजारों लोग अपने परिवारों से मिल चुके हैं। हालांकि, हर समय 200 से 300 लोग ऐसे होते हैं, जो अभी भी अपनों तक नहीं पहुंच पाए हैं। उनकी खोजबीन और अनाउंसमेंट का काम जारी है।
श्रद्धालुओं की अपार संख्या ने बढ़ाई चुनौती
देश के हर कोने से श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे हैं। महाकुंभ के पहले ही दिन भीड़ इतनी अधिक रही कि 3700 लोग अपने परिवार से बिछड़ गए थे। प्रशासन और स्वयंसेवकों की पूरी कोशिश है कि हर व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जाए। भीड़ प्रबंधन और सुगम दर्शन के लिए सुरक्षा बल और सेवाकर्मी पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं।