जौनपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी, 1.51 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 18 फरवरी से शुरू होने वाली इन परीक्षाओं में जनपद से कुल 1,51,701 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
परीक्षाओं के सुचारु, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन के लिए जिले में कुल 206 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वॉयस रिकॉर्डर लगाए गए हैं, जिससे परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
नकल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सचल दलों को लगातार सक्रिय रखा जाएगा, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही पूरे जिले को 6 जोन में विभाजित कर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।
परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन द्वारा 206 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 6 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अधिकारी निरंतर परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






