अमेठी दौरे पर पहुंचीं यूपी महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या
जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, तहसील में जनता की समस्याएं सुनीं

जन एक्सप्रेस/अमेठी: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अमेठी पहुंचीं। दौरे के पहले दिन उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखी।निरीक्षण के दौरान मौर्या डिलीवरी वार्ड पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रसव के लिए भर्ती महिलाओं से बातचीत की और नवजात शिशुओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, स्टाफ की उपलब्धता और दवा वितरण की व्यवस्था को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल से फीडबैक लिया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहा।
अस्पताल निरीक्षण के बाद महिला आयोग की सदस्य तहसील कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने जनसुनवाई की। आम जनमानस, विशेष रूप से महिलाओं की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।प्रियंका मौर्या का अमेठी दौरा बुधवार को भी जारी रहेगा। वे जनपद के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण करेंगी और महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का संज्ञान लेंगी।प्रशासन को दिए जरूरी निर्देश
जनसुनवाई के दौरान डॉ. मौर्या ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।






