utrakhandटिहरी

नई टिहरी में पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई के जनसंवाद में सड़क, पेयजल और गैस की समस्याएं उठीं

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-टिहरी विधानसभा क्षेत्र के गुनोगी, उदयकोट सहित आसपास के गांवों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पूर्व मंत्री ने संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपनी समस्याएं पहले भी सरकार के समक्ष रखी थीं, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इस पर दिनेश सिंह धनाई ने मौके से ही पेयजल निगम चंबा के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर पेयजल संकट के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिलवाए तथा अन्य मांगों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

धनाई ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र के ग्रामीण जिस पेयजल सुविधा का लाभ ले रहे हैं, वह उनके कार्यकाल में सुरकण्डा पेयजल योजना को स्वीकृति दिलाकर पूरे कांणाताल क्षेत्र तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से सुरकण्डा रोपवे का निर्माण हुआ, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ ही मंदिर की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन मंत्री रहते हुए उन्होंने कांणाताल को पर्यटन सर्किट से जोड़ने का कार्य किया, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिला। साथ ही क्षेत्र के कई गांवों को पर्यटन ग्राम घोषित कर होम-स्टे योजना का लाभ भी दिलाया गया, जिसके कारण आज बड़े होटल समूह भी कांणाताल में निवेश कर रहे हैं।

राजनीतिक टिप्पणी करते हुए दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि वे हमेशा अपने कार्यों के आधार पर जनता के बीच वोट मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दूसरों के नाम और चेहरे के सहारे राजनीति करते हैं, जबकि वे जनता के विश्वास और अपने विकास कार्यों के दम पर चुनाव लड़ते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन दिनों वे पूरे टिहरी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और हर गांव में उन्हें लोगों का स्नेह और व्यापक समर्थन मिल रहा है।

कार्यक्रम में प्रधान सुशीला थपलियाल, पूर्व प्रधान सत्यानंद थपलियाल, पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के संरक्षक एवं पूर्व प्रधान देव सिंह पुण्डीर, अध्यक्ष मंडल चंबा बलबीर सिंह पुण्डीर, पूर्व प्रधान मो. अशरफ, उपप्रधान हासीम बेगम, पूर्व प्रधान सुनीता थपलियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष शिवानी थपलियाल, वन सरपंच गुडी देवी, पिंगल दास, उत्तराखंड आंदोलनकारी भगवती प्रसाद थपलियाल, मो. सुलेमान, मो. इकबाल, खेमका थपलियाल, बिजेंद्र थपलियाल, योगेश थपलियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button