
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-चिन्यालीसौड़ के धारकोट-बिजोटी स्थित निर्माणाधीन राजीव नवोदय विद्यालय में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार को दशगी हातड़ बिष्ट पट्टी के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, BDH जन मंच के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने निर्माण स्थल पर महाबैठक आयोजित कर संयुक्त निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता तथा देरी पर गंभीर चिंता जताई।
बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि विद्यालय का निर्माण कार्य वर्ष 2023 से जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में कथित रूप से घटिया ईंटों और अन्य निम्न गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में निर्माण कार्य में देरी और कथित रूप से घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मुद्दा सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार पत्रों में प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल से ही जिलाधिकारी उत्तरकाशी से दूरभाष पर संपर्क किया गया। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं BDH जन मंच के पदाधिकारियों को 21 जुलाई को जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक के लिए आमंत्रित किया है। इस बैठक में निर्माण कार्य में देरी, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी के समक्ष सभी तथ्य रखे जाएंगे और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यालय का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा हो सके।
महाबैठक में BDH जन मंच के अध्यक्ष राजेंद्र गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बिरेन्द्र बर्धन, प्रधान संगठन अध्यक्ष अकबीर राणा, राजेंद्र सिंह रांगड़, विवेक बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






