आठ घंटे चला आमरण अनशन, लिखित आश्वासन पर माने व्यापार मंडल अध्यक्ष

जन एक्सप्रेस / महराजगंज :- ठूठीबारी कस्बे में शुक्रवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पत्रकार दिनेश रौनियार ठूठीबारी के विवादित थानेदार अमित कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली के समीप अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए। अनशन की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। करीब दो घंटे बाद नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र कुमार सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और अनशनकारी से घटना के संबंध में वार्ता की। अधिकारियों ने काफी देर तक मान-मनौव्वल कर अनशन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अनशनकारी संबंधित पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटे बाद दोबारा वार्ता हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। देर शाम करीब साढ़े छह बजे उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने थानाध्यक्ष समेत संबंधित पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण और मामले की जांच कराने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद करीब आठ घंटे से चल रहा आमरण अनशन समाप्त हो गया। अनशन समाप्त करने के बाद दिनेश रौनियार ने कहा कि यदि शनिवार तक थानाध्यक्ष समेत अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की कार्रवाई नहीं होती है तो वह पुन: धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगे। दिनेश रौनियार ने आरोप लगाया कि एक विवादित मामले में थानाध्यक्ष द्वारा उनसे दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। शिकायती पत्र के मुताबिक उनका आरोप है कि दो सितंबर की दोपहर करीब एक बजे थानेदार अमित कुमार सिंह के निर्देश पर उपनिरीक्षक अनूप तिवारी चार पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। उस समय वह परिवार के साथ कमरे में आराम कर रहे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी बेडरूम तक पहुंच गए और थानाध्यक्ष की बात मानने का दबाव बनाते हुए परिवार के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामले को लेकर धरना स्थल पर क्षेत्र के दर्जनों पत्रकार, व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






