जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे,वीडीओ वायरल,डीएम से सड़क बनवाने की गुहार

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई मल्लावां विकासखंड के शाहपुर पवार से शिरसैया गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल होने के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बारिश के दिनों में मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति होने से बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। इसी समस्या का एक वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसे एक दिन पूर्व का बताया जा रहा है।
वीडियो में स्कूली बच्चे जलभराव और कीचड़ से भरे रास्ते से होकर स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि बच्चों को संभल-संभलकर कदम बढ़ाना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार बच्चे रास्ते में फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे बड़े हादसे होते-होते टले हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शाहपुर पवार से शिरसैया जाने वाला यह संपर्क मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और लंबे समय से बदहाली का शिकार है। बारिश होते ही मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है तथा जलभराव के कारण आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। कई दशकों से समस्या बनी होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। रोजाना इसी रास्ते से गुजरने वाले बच्चों को फिसलन भरे और पानी से लबालब मार्ग से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों और बच्चों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर शाहपुर पवार से शिरसैया मार्ग का निर्माण अथवा सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की है, ताकि जलभराव और कीचड़ की समस्या से निजात मिल सके तथा बच्चों समेत ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।





