महाघोटालों में घिरे कृषि मंत्री गणेश जोशी की बर्खास्तगी को लेकर जन संघर्ष मोर्चा का हल्ला बोल!
सैकड़ों करोड़ की अघोषित संपत्ति, सरकारी मेलों में घपले, कोर्ट से नोटिस और शासन की चुप्पी—राज्यपाल से बर्खास्तगी की मांग को लेकर विकासनगर तहसील में उग्र प्रदर्शन

जन एक्सप्रेस विकासनगर (संवाददाता)। उत्तराखंड सरकार के कृषि मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ घोटालों की एक लंबी फेहरिस्त को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने मोर्चा खोलते हुए शुक्रवार को विकासनगर तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप-जिलाधिकारी की उपस्थिति में नायाब तहसीलदार को सौंपा और मंत्री को मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
रघुनाथ नेगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी पर एक नहीं, दर्जनों घोटालों के गंभीर आरोप हैं—जिनमें कृषि मेलों में भ्रष्टाचार, बागवानी व जैविक खेती में गड़बड़ियां, तराई बीज विकास निगम की परिसंपत्तियों की संदिग्ध नीलामी और निर्माणाधीन सैन्यधाम में अनियमितता शामिल हैं।
नेगी ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उद्यान निदेशक बवेजा जैसे घोटालेबाज अफसर को सीबीआई जांच से बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) तक दाखिल करवाई। इतना ही नहीं, विदेशी दौरों में जनता के पैसों की बर्बादी और शासन की आंखों में धूल झोंककर करोड़ों की अघोषित संपत्तियां अर्जित की गई हैं।
“मुफलिसी से महलों तक: 5 साल में सैकड़ों करोड़ की उड़ान?”
मोर्चा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति 15-20 साल पहले सामान्य जीवन जी रहा था, वह अब देहरादून और उसके आसपास दर्जनों मॉल, कॉम्प्लेक्स और इमारतों का मालिक कैसे बन बैठा? नेगी ने मांग की कि इस मंत्री और उसके परिजनों-गुर्गों के नाम अर्जित की गई संपत्तियों की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए।
“कोर्ट ने भेजा नोटिस, फिर भी शासन मौन क्यों?”
हाल ही में उच्च न्यायालय द्वारा मंत्री गणेश जोशी को विभिन्न गड़बड़ियों पर नोटिस भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद शासन की चुप्पी इस पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। क्या सत्ता में बैठे लोगों को बचाव का विशेषाधिकार प्राप्त है?
राज्यपाल से सीधी मांग: बर्खास्त करो भ्रष्ट मंत्री को!
मोर्चा ने राजभवन से सीधा हस्तक्षेप करने की मांग की है—कि उक्त मंत्री को तुरंत मंत्रिमंडल से हटाया जाए और आय से अधिक संपत्ति, सरकारी मेलों में घोटाले, व संपत्ति की अवैध अर्जन की निष्पक्ष जांच की जाए।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख चेहरे:
घेराव में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, महिपाल सिंह रावत, राम सिंह तोमर, हाजी असद, अनिल आर्य, सरोज गांधी, मोहम्मद इस्लाम, जयकृत नेगी, सलीम मिर्जा, क्रिस्टीना, मनीष भटनागर, भीम सिंह बिष्ट, दीपांशु अग्रवाल समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






